दिनांक 16 सितंबर 2025 को महाविद्यालय में शिक्षक सम्मान समारोह एवं प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों का स्वागत समारोह हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि सहायक प्राध्यापक श्री पी. एस. चुरेन्द्र ने अपने उद्बोधन में शिक्षकों को समाज का पथप्रदर्शक बताते हुए उनके योगदान की सराहना की तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास को जीवन का मूल मंत्र अपनाने की प्रेरणा दी। सहायक प्राध्यापक डॉ. डी. के. मस्ता ने छात्र जीवन में शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों के संतुलित महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों को शिक्षक सम्मान से अलंकृत किया गया तथा विद्यार्थियों द्वारा गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता स्वरूप सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। साथ ही प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों का पारंपरिक स्वागत कर उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से परिचित कराया गया। अंत में संयोजकगणों द्वारा आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं।