शहीद गैंदसिंह नायक शासकीय महाविद्यालय, मंगचुवा जिला–बालोद में दिनांक 12 मार्च 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (08 मार्च) के अवसर पर महिला सम्मान समारोह एवं खेलकूद प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की भूमिका, सशक्तिकरण एवं शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती सुभद्रा देवी जैन (भूतपूर्व सरपंच) रहीं, जबकि अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती उमा पूनमचंद जैन (सरपंच, ग्राम पंचायत मंगचुवा) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती रामेश्वरी साहू उपस्थित थीं। अन्य सम्माननीय अतिथियों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की पदाधिकारी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी भी शामिल रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत तथा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। इस अवसर पर अतिथियों ने अपने उद्बोधन में महिलाओं की आत्मनिर्भरता, शिक्षा एवं समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार व्यक्त किए। छात्राओं द्वारा महाविद्यालय मार्ग पर सी.सी. सड़क निर्माण हेतु सरपंच महोदया को ज्ञापन भी सौंपा गया।
कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा सुआ नृत्य एवं छत्तीसगढ़ी लोकगीतों पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इसके पश्चात खेलकूद प्रतियोगिताओं में विजेता छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा मैडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रश्मि इंगले द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।